द पब्लिक एक्सप्रेस
लीडरबोर्ड
Breaking: Azamgarh: Main accused of murder over wedding food injured in police encounter, arrested within 24 h...
Crime

आजमगढ़: शादी में खाने को लेकर हत्या का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

jitendra yadav
09 Jul 2026, 07:59 AM 672 व्यूज
📌 पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
आजमगढ़। जनपद के थाना मेंहनाजपुर क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान भोजन करने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजीत यादव उर्फ भन्टा को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस के मुताबिक 7 जुलाई की रात ग्राम डण्डवल में आयोजित एक शादी समारोह में भोजन करने की बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर प्रितोष राजभर और ओटू राजभर पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल प्रितोष राजभर की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक की मां चन्द्रकला की तहरीर पर थाना मेंहनाजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस ने 9 जुलाई की रात करीब 1:40 बजे करसड़ा नहर पुलिया के पास संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने भागने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीत यादव उर्फ भन्टा (29 वर्ष) निवासी ग्राम डण्डवल, थाना मेंहनाजपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, जिंदा व मिस कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह अपने भाई और अन्य साथियों के साथ शादी में गया था, जहां भोजन को लेकर विवाद होने पर सभी ने मिलकर प्रितोष राजभर और ओटू राजभर की पिटाई की थी। घटना के बाद वह फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, बलवा समेत कुल 7 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

द पब्लिक एक्सप्रेस न्यूज़लेटर

ताजा खबरों और बड़ी ख़बरों के बुलेटिन सीधे अपने ईमेल पर पाने के लिए सब्सक्राइब करें।

इस खबर को शेयर करें:

WhatsApp Facebook X (Twitter) Telegram