अपराध
22 मृत गौवंश मिलने के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट में दो तस्कर गिरफ्तार
|
📅 19 Jul 2026, 07:17 PM
|
👁️ 54
|
📍
Azamgarh
आजमगढ़ के तहबरपुर थाना पुलिस ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 22 मृत गौवंश मिलने के चर्चित मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर संगठित गौ-तस्करी गिरोह चलाने का आरोप है।
आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक से 22 मृत और तीन जीवित गौवंश बरामद होने के चर्चित मामले में आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर अंतरजनपदीय स्तर पर संगठित गौ-तस्करी गिरोह चलाने का आरोप है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 3/4 जून 2025 की रात तहबरपुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 228.5 पर खड़े एक 14 टायर ट्रक से तेज दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 25 गौवंश मिले, जिनमें 22 मृत और तीन जीवित थे। पशु चिकित्सकों की टीम ने मृत गौवंशों का पोस्टमार्टम कराया, जबकि जीवित पशुओं को उपचार के बाद सुरक्षित गौशाला भेज दिया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि यह गिरोह आर्थिक लाभ के लिए अवैध गौ-तस्करी करता था और इसकी गतिविधियां कई जिलों तक फैली हुई थीं। गिरोह के खिलाफ गैंगचार्ट तैयार कर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। तभी से आरोपी फरार चल रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को तहबरपुर पुलिस ने महुआर तिरंगा तिराहे से आकाश मिश्रा उर्फ विशाल और नरेन्द्र कुमार मिश्रा, निवासी इब्राहिमपुर, जनपद अंबेडकर नगर, को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित पूर्व से गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और गौ-तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।