🏆 लीडरबोर्ड 🔐 Login 📝 Register
See: Ruckus after the death of a woman in a private nursing home, family members created a jam; Hospital...
स्वास्थ्य

निजी नर्सिंग होम में महिला की मौत के बाद बवाल, परिजनों ने लगाया जाम; अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

👤 jitendra yadav | 📅 15 Jul 2026, 10:33 PM | 👁️ 73 Views | 📍 उत्तर प्रदेश , Azamgarh

आजमगढ़ के मुबारकपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए बलिया-लखनऊ मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया, जबकि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव स्थित आर नंदिनी निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद बुधवार शाम हंगामा हो गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बलिया-लखनऊ मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया और यातायात बहाल कराया।
मृतका की पहचान रामदुलारी, निवासी घोसी (जनपद मऊ) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उन्हें हार्निया की शिकायत के चलते आर नंदिनी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज डॉ. गुलाब चौहान की देखरेख में चल रहा था।
मृतका के पति जयहिंद का आरोप है कि महिला की हालत बिगड़ने पर अस्पताल प्रशासन ने उन्हें बिना सूचना दिए दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली और वे पहुंचे, तब तक रास्ते में ही रामदुलारी की मौत हो चुकी थी।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।
मौके पर पहुंची मुबारकपुर थाना पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया। क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

📰 संबंधित खबरें

← मुख्य पृष्ठ पर वापस जाएं