आजमगढ़। एमएलसी चुनाव के मद्देनजर शराबबंदी के दौरान मुबारकपुर पुलिस ने अवैध रूप से देशी शराब बेचने जा रहे दो सेल्समैन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 51 टेट्रा पैक देशी शराब, बिक्री के 520 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को कस्बा मुबारकपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बावन बीघा मैदान, शहीदनगर इस्लामपुरा के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय चौहान (36) और प्रेम चन्द (30), निवासी प्यारेपुर, थाना मुबारकपुर, आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं। चुनाव के कारण दुकानें बंद होने पर वे रोडवेज स्थित देशी शराब की दुकान से शराब लेकर मोटरसाइकिल से बम्हौर और अन्य स्थानों पर ऊंचे दामों पर बेचने जा रहे थे। बिक्री से होने वाले लाभ को आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने बताया कि बरामद 51 टेट्रा पैक में प्रत्येक की मात्रा 200 मिलीलीटर है। शराब बिक्री से प्राप्त 520 रुपये भी बरामद किए गए हैं। मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।
मामले में मुबारकपुर थाने में मुकदमा संख्या 376/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, संजय चौहान के विरुद्ध वर्ष 2021 में जीयनपुर थाने में आबकारी अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज हुआ था। रोडवेज स्थित देशी शराब की दुकान की संलिप्तता के संबंध में जांच की जा रही है।


