आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध देशी शराब की बिक्री के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 135 पाउच देशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 27 लीटर बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को उपनिरीक्षक उमाशंकर सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम महुजा नेवादा में एक महिला को उसके घर के सामने से गिरफ्तार किया। महिला की पहचान मंशा देवी (45 वर्ष), पत्नी विनोद कुमार, निवासी महुजा नेवादा, थाना बरदह, आजमगढ़ के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि महिला के कब्जे से विंडीज लाइम ब्रांड की 200 मिलीलीटर वाली देशी शराब के 135 पाउच बरामद हुए। कुल शराब की मात्रा 27 लीटर है। मामले में बरदह थाने में मुकदमा संख्या 334/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक उमाशंकर सिंह, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार और महिला कांस्टेबल संजू शामिल रहीं।


