Crime
आजमगढ़ में बाल श्रम के खिलाफ सघन अभियान, 5 बाल श्रमिक मिले, प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस
jitendra yadav
02 Jul 2026, 05:15 PM
9 व्यूज
आजमगढ़। जिले में बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति एवं बंधुआ मजदूरी के विरुद्ध गुरुवार को थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान जहानागंज, तरवां और मेहनगर क्षेत्र के बाजारों में विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें पांच बाल श्रमिक कार्य करते हुए मिले।
संयुक्त टीम ने मिठाई की दुकानों और मोटरसाइकिल वर्कशॉपों पर जांच के दौरान मिले बाल श्रमिकों के परिजनों को मौके पर बुलाकर भविष्य में बच्चों से मजदूरी न कराने की सख्त चेतावनी दी। वहीं संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों द्वारा बाल श्रम कानून का उल्लंघन पाए जाने पर श्रम विभाग ने नियमानुसार नोटिस जारी किया।
अभियान के दौरान दुकानदारों और आमजन को बाल श्रम निषेध कानून के प्रति जागरूक किया गया। सार्वजनिक स्थानों, मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट, ढाबों, बेकरी, ऑटोमोबाइल दुकानों और गैराजों पर बाल श्रम निषेध संबंधी पोस्टर भी लगाए गए। साथ ही लोगों को शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 108, 112, 1090, 1930, 1098, 1076 और 181 की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग करने की अपील की गई।
यह अभियान निदेशक, मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात)/नोडल अधिकारी एएचटी के पर्यवेक्षण में चलाया गया।
द पब्लिक एक्सप्रेस न्यूज़लेटर
ताजा खबरों और बड़ी ख़बरों के बुलेटिन सीधे अपने ईमेल पर पाने के लिए सब्सक्राइब करें।
इस खबर को शेयर करें: