Crime
ई-रिक्शा चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश, 20 लाख की 8 ई-रिक्शा व 36 बैटरियां बरामद
Ramkrishna chandra Yadav
07 Jul 2026, 06:47 PM
10 व्यूज
📌 शहर कोतवाली पुलिस ,विशेष अपराध नियंत्रण टीम, चोरी अनावरण टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में 6 आरोपी गिरफ्तार, एसएसपी ने पुलिस टीम को ₹25 हजार पुरस्कार व सीओ सिटी को प्रशस्ति-पत्र देने की घोषणा
आजमगढ़। जिले में लगातार हो रही ई-रिक्शा एवं बैटरी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस, विशेष अपराध नियंत्रण टीम, चोरी अनावरण टीम तथा सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने एक अंतरजनपदीय संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की आठ चोरी की ई-रिक्शा, 36 बैटरियां तथा एक मास्टर-की बरामद की है। पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से ई-रिक्शा चोरी की लगातार घटनाएं सामने आ रही थीं। अलग-अलग पीड़ितों द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमों के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान गिरोह के सदस्यों की पहचान होने के बाद सोमवार देर रात मोहटी घाट क्षेत्र से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मो. मिजान, अखिलेश यादव उर्फ समीर यादव, विनोद जायसवाल, योगेश्वर जायसवाल, बृजेश कुमार गुप्ता तथा तबस्सुम शामिल हैं। इनमें एक महिला भी गिरोह की सक्रिय सदस्य है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह में सभी की अलग-अलग जिम्मेदारी तय थी। महिला सदस्य तबस्सुम शहर के विभिन्न इलाकों में घूमकर बिना निगरानी खड़ी ई-रिक्शाओं की रेकी करती थी। इसके बाद अन्य सदस्य मौका पाकर ई-रिक्शा चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहन को सुनसान स्थान पर ले जाकर उसकी बैटरियां और अन्य कीमती सामान निकाल लिया जाता था तथा बाद में वाहन को कबाड़ या अन्य माध्यमों से बेच दिया जाता था। बिक्री से मिली रकम सभी सदस्य आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कोतवाली और सिधारी थाना क्षेत्र में हुई कई ई-रिक्शा चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी अखिलेश यादव उर्फ समीर यादव के विरुद्ध पहले से भी चोरी, शस्त्र अधिनियम, पॉक्सो सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वाहन चोरी की बड़ी घटनाओं के सफल अनावरण और संगठित गिरोह के पर्दाफाश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी को प्रशस्ति-पत्र देने तथा संयुक्त पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की है।
द पब्लिक एक्सप्रेस न्यूज़लेटर
ताजा खबरों और बड़ी ख़बरों के बुलेटिन सीधे अपने ईमेल पर पाने के लिए सब्सक्राइब करें।
इस खबर को शेयर करें: