अपने 10 किमी दायरे में आने वाली खबरों के तुरंत अपडेट पाएं
लोड हो रहा है...
अपराध
आजमगढ़ में दो जगह पुलिस-बदमाश मुठभेड़, तीन टप्पेबाज गिरफ्तार; दो के पैर में लगी गोली
Share:
|📅 14 Aug 2026, 08:54 AM|👁️ 66|📍 Azamgarh
तरवां और मेहनगर पुलिस की मुठभेड़ में चोरी-टप्पेबाजी गिरोह के तीन बदमाश गिरफ्तार, दो गोली लगने से घायल; तमंचा-कारतूस, बाइक, नकदी और पीली धातु के सामान बरामद।
आजमगढ़। चोरी और टप्पेबाजी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को तरवां और मेहनगर थाना क्षेत्र में पुलिस की बदमाशों से दो अलग-अलग मुठभेड़ हुईं। कार्रवाई के दौरान दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए, जबकि एक अन्य आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, पहली मुठभेड़ तरवां थाना क्षेत्र के कंचनपुर नहर के पास हुई। यहां पुलिस की अंतर्जनपदीय टप्पेबाज और चोरों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान मुकेश यादव (25) निवासी सुखदेहरा, थाना भांवरकोल, गाजीपुर के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। मौके से उसके साथी कमलेश, निवासी कुसनपुरा, थाना भांवरकोल, गाजीपुर को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर एक अन्य आरोपी फरार हो गया।
फरार आरोपी की पहचान विकास यादव (22) निवासी सुखदेहरा, थाना भांवरकोल, गाजीपुर के रूप में हुई। उसकी तलाश में आसपास के थानों को अलर्ट किया गया।
इसके बाद मेहनगर थाना क्षेत्र के कटहन नहर पुलिया के पास पुलिस ने विकास की घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक इस दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में विकास के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से टप्पेबाजी से संबंधित पीली धातु के सामान, मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा-कारतूस और नकदी बरामद होने की जानकारी दी है। हालांकि पुलिस ने अभी बरामद सामान का विस्तृत विवरण जारी नहीं किया है।
घायल दोनों आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक मौके पर फील्ड यूनिट द्वारा आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने बताया कि बरामदगी और पूरे गिरोह से जुड़ी विस्तृत जानकारी का अलग से प्रेस नोट जारी किया जाएगा।
जितेंद्र यादव | संपादक द पब्लिक एक्सप्रेस
जितेंद्र यादव पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के कई प्रतिष्ठित संस्थानों के लिए काम करते हुए जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है। स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, राजनीति, प्रशासन और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को करीब से कवर करने का उनका लंबा अनुभव है। उनका मानना है कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर पहुंचाना नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक तस्वीर सामने रखना और जनता की आवाज को जिम्मेदारी के साथ उठाना है।