Development
शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, आजमगढ़ में हुआ सीधा प्रसारण
Ramkrishna Yadav
08 Jul 2026, 06:35 PM
8 व्यूज
📌 कारागार मंत्री व डीएम ने 15 शिक्षकों को दिए डेमो हेल्थ कार्ड, शिक्षकों को मिलेगी ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा
आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना सहित कई महत्वपूर्ण शिक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान और जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की उपस्थिति में किया गया। जिले के सभी बीआरसी और विद्यालयों में भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया।
कार्यक्रम के दौरान कारागार मंत्री और जिलाधिकारी ने 15 शिक्षकों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक डेमो कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इस योजना के तहत प्रदेश के 12 लाख शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और उनके आश्रितों को आयुष्मान भारत से संबद्ध अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी के लिए 1200 रुपये प्रति छात्र डीबीटी के माध्यम से भेजने की भी शुरुआत की। साथ ही शिक्षकों और संविदा कर्मचारियों के लिए भारतीय स्टेट बैंक के साथ सामाजिक सुरक्षा संबंधी एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि शिक्षकों और कर्मचारियों को 10 लाख रुपये का ग्रुप टर्म इंश्योरेंस, 1 करोड़ रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, 1 करोड़ रुपये का स्थायी दिव्यांगता कवर तथा 1.6 करोड़ रुपये का एयर एक्सीडेंट बीमा जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह पहल शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता को मजबूत करेगी और शिक्षकों तथा कर्मचारियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग के 23,317 तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 1,758 शिक्षक और कर्मचारी इस योजना से लाभान्वित होंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी पात्र शिक्षकों का शीघ्र सत्यापन कर योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक, भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक अजीत कुमार सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
द पब्लिक एक्सप्रेस न्यूज़लेटर
ताजा खबरों और बड़ी ख़बरों के बुलेटिन सीधे अपने ईमेल पर पाने के लिए सब्सक्राइब करें।
इस खबर को शेयर करें: