Politics
•
06 Feb 2026, 16:12
•
👁️ 1 व्यूज
Azamgarh News: गन्ना सेंटर पर 'घटतौली' का खेल! 2 कुंतल की चोरी पकड़ने पर भड़के किसान, काट दिया हंगामा
A
Admin
रिपोर्टर, द पब्लिक एक्सप्रेस
2 कुंतल गन्ना कहां गायब कर दिया?" अतरौलिया के गन्ना सेंटर पर जब किसानों ने कांटा इंचार्ज की चोरी पकड़ी, तो मच गया हड़कंप। रजिस्टर मांगने पर भी दिखाई हेकड़ी। देखिए कैसे हो रहा है किसानों के साथ धोखा...
आजमगढ़ (Azamgarh)। किसानों की खून-पसीने की कमाई पर 'डंडी' मारने का खेल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। जिले के अतरौलिया (Atraulia) क्षेत्र में शुक्रवार को ऐसा ही मामला सामने आया, जहां गन्ना क्रय केंद्र पर सरेआम 'घटतौली' (कम तौलना) पकड़े जाने पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा।
मामला छितौनी-ब (Chhitauni-B) गन्ना क्रय केंद्र का है। यहां नाराज किसानों ने कांटा इंचार्ज पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
"मेरी 77 कुंतल गन्ना को 75 कर दिया"
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय किसान सोनू पांडेय ने मीडिया को बताया कि वह अपनी उपज तौलवाने के लिए सेंटर पर लाए थे।
"मेरा कुल गन्ना 77 कुंतल 95 किलोग्राम था, लेकिन क्रय केंद्र इंचार्ज ने पर्ची पर सिर्फ 75 कुंतल 95 किलोग्राम ही चढ़ाया। मेरी आंखों के सामने सीधे-सीधे 2 कुंतल की कटौती कर दी गई।"
वहीं, खालिसपुर गांव के किसान मनोज यादव ने आरोप लगाया कि यह सिर्फ एक किसान के साथ नहीं हो रहा, बल्कि यहां आने वाले हर किसान के गन्ने में से 2-2 कुंतल की कटौती की जा रही है।
रजिस्टर मांगने पर भड़का इंचार्ज
हंगामे की सूचना मिलते ही गन्ना समिति बूढ़नपुर के सभापति चन्द्रजीत तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तौल लिपिक (कांटा इंचार्ज) कृष्ण कुमार यादव पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
सभापति ने कहा, "जब मैंने इंचार्ज से निरीक्षण रजिस्टर मांगा, तो उसने देने से साफ इनकार कर दिया। यह सीधे तौर पर धांधली को दर्शाता है।"
अफसरों को भेजी शिकायत, धरने की चेतावनी
सभापति चन्द्रजीत तिवारी ने बताया कि उन्होंने उच्चाधिकारियों से फोन पर बात की है और किसानों की लिखित शिकायत आज ही रजिस्ट्री के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को भेज रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर इस भ्रष्ट इंचार्ज पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे किसानों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।
इस खबर को शेयर करें: