Politics
•
23 Mar 2026, 20:53
•
👁️ 3 व्यूज
642 गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर DM का शिकंजा — तौहीद इण्डेन वितरक पर FIR,13,500 उपभोक्ताओं की सप्लाई सफर ताज एजेंसी को ट्रांसफर
A
Admin
रिपोर्टर, द पब्लिक एक्सप्रेस
आजमगढ़ में तौहीद इण्डेन ग्रामीण वितरक बनकट के गोदाम में 642 गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पकड़ी गई। DM के आदेश पर FIR 0104/2026 दर्ज, 13,500 उपभोक्ताओं की सप्लाई सफर ताज एजेंसी को ट्रांसफर। संपर्क: 962130
आजमगढ़, । जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बिलरियागंज स्थित मेसर्स तौहीद इण्डेन ग्रामीण वितरक, बनकट के खिलाफ थाना मुबारकपुर में एफआईआर संख्या 0104/2026 दर्ज कराई है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के अनुमोदन आदेश दिनांक 16 मार्च 2026 के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। एजेंसी से जुड़े करीब 13,500 उपभोक्ताओं की गैस रिफिल सेवा तत्काल प्रभाव से सफर ताज इण्डेन गैस एजेंसी, ग्राम अल्लीपुर, अजमतगढ़, तहसील सगड़ी को स्थानांतरित कर दी गई है।
16 मार्च को हुआ था औचक निरीक्षण — 642 सिलेंडर थे गायब !
मामले की शुरुआत 16 मार्च 2026 को उस समय हुई जब क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक बिलरियागंज ने ब्लॉक बिलरियागंज स्थित तौहीद इण्डेन ग्रामीण वितरक के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम को भारी अनियमितताएं मिलीं. रिकॉर्ड और मौके पर उपलब्ध सिलिंडरों के मिलान में पाया गया कि 14.2 किलोग्राम के 599 घरेलू गैस सिलिंडर और 19 किलोग्राम के 43 व्यावसायिक सिलिंडर कम थे. इस प्रकार कुल 642 गैस सिलिंडरों की कमी सामने आई, जिससे पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया.
इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों का छुपाकर रखा जाना स्पष्ट रूप से कालाबाजारी की नीयत दर्शाता था। जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी के समक्ष रखी गई, जिन्होंने तत्काल आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज कराने का अनुमोदन आदेश जारी किया।
FIR दर्ज — दो संचालक नामजद
जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में थाना मुबारकपुर में मु०अ०सं० 0104/2026 के तहत मेसर्स तौहीद इण्डेन ग्रामीण वितरक बनकट के संचालक प्रो. तौहीद और शबाना बानो के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। यह धारा आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी पर लागू होती है और इसमें कठोर दंड का प्रावधान है।
13,500 उपभोक्ताओं की सप्लाई ट्रांसफर — 750 पेंडिंग बुकिंग भी होंगी पूरी
एफआईआर के बाद सबसे अहम सवाल था — एजेंसी से जुड़े करीब 13,500 उपभोक्ताओं को गैस कैसे मिलेगी? इस पर IOCL के सेल्स ऑफिसर प्रिंस प्रभात के साथ समन्वय करते हुए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की —
16 मार्च 2026 के बाद की सभी ऑनलाइन बुकिंग — लगभग 750 बुकिंग — मेसर्स सफर ताज इण्डेन गैस एजेंसी, ग्राम अल्लीपुर, विकास खंड अजमतगढ़, तहसील सगड़ी से डिलीवर कराई जा रही हैं। साथ ही सभी 13,500 उपभोक्ताओं को कस्टमाइज्ड बल्क मैसेज और ऑटोमेटेड फोन कॉल के माध्यम से नई व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है। तौहीद एजेंसी के गोदाम और शोरूम पर बैनर के माध्यम से भी सूचना प्रसारित की जा रही है।
शोरूम चालू रहेगा — e-KYC और अन्य सेवाएं जारी
जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि गैस रिफिल की सुविधा भले ही स्थानांतरित हो गई हो, लेकिन तौहीद एजेंसी का शोरूम खुला रहेगा। उपभोक्ता वहां से IOCL के दिशा-निर्देशों के अनुसार e-KYC, मोबाइल नंबर अपडेशन और डॉर्मेंट कनेक्शन के रिएक्टिवेशन जैसी सेवाएं निर्बाध रूप से प्राप्त कर सकेंगे।
उपभोक्ता यहां करें संपर्क
जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) ने तौहीद इण्डेन से जुड़े सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस सिलेंडर रिफिल के लिए अब सफर ताज इण्डेन गैस एजेंसी, ग्राम अल्लीपुर, तहसील सगड़ी के सामने से संपर्क करें।
किसी भी समस्या के लिए उपभोक्ता इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं —
सफर ताज गैस एजेंसी: 📞 9621309595
पूर्ति निरीक्षक, तहसील सगड़ी — संतोष कुमार शर्मा: 📞 8600007680
IOCL सेल्स ऑफिसर प्रिंस प्रभात: 📞 7225900231
DM की कड़ी चेतावनी
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने साफ शब्दों में कहा है कि जनपद में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या किसी भी प्रकार की अनियमितता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनजर आम जनता को घरेलू गैस की सुचारु और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी गैस एजेंसियों, गोदामों और संभावित अवैध भंडारण स्थलों पर औचक छापेमारी जारी रहेगी।
इस खबर को शेयर करें: