आजमगढ़: मेहनगर में मौत की रफ़्तार का कहर, बाइक की टक्कर में दो चचेरे भाइयों की मौत, तीसरा युवक जिंदगी की जंग लड़ रहा
Admin
रिपोर्टर, द पब्लिक एक्सप्रेस
आजमगढ़ (मेहनगर): उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला मेहनगर थाना क्षेत्र का है, जहाँ शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे (Road Accident) ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। लौदह इमादपुर गांव के पास हुए इस हादसे में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी अस्पताल में मौत से जूझ रहा है।
अनियंत्रित बाइक ने पीछे से मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात आशीष, सुमित और निखिल एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही वे लौदह इमादपुर गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक दूसरी तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान मौत
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और निजी वाहनों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मेहनगर पहुँचाया। अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद आशीष को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, सुमित और निखिल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई मेडिकल कॉलेज, चक्रपानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान सुमित ने भी दम तोड़ दिया। तीसरे युवक निखिल की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और पीजीआई में उसका उपचार जारी है।
परिवार में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
एक ही परिवार के दो सगे चचेरे भाइयों की मौत की खबर जैसे ही गाँव पहुँची, परिजनों में कोहराम मच गया। घर के दो जवान बेटों को खोने के बाद माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाई। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और टक्कर मारने वाली बाइक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस खबर को शेयर करें: