🏆 लीडरबोर्ड 🔐 Login 📝 Register
See: People's anger erupted in Deurpur market, protest against 63 KV transformer burning again and again.
विकास

देउरपुर बाजार में फूटा लोगों का गुस्सा, बार-बार जल रहे 63 केवी ट्रांसफार्मर के विरोध में प्रदर्शन

Share:
| 📅 26 Jul 2026, 04:10 PM | 👁️ 141 | 📍 Azamgarh

100 केवी ट्रांसफार्मर लगाने की मांग, जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

आजमगढ़। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के देउरपुर बाजार में लगे 63 केवी विद्युत ट्रांसफार्मर के बार-बार जल जाने से क्षेत्र के लोगों और व्यापारियों का आक्रोश शनिवार को सड़क पर दिखाई दिया। बिजली आपूर्ति लगातार बाधित रहने से नाराज बाजारवासियों ने प्रदर्शन कर विद्युत विभाग के खिलाफ विरोध जताया और तत्काल 100 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि देउरपुर बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में बिजली की खपत लगातार बढ़ी है, लेकिन अब भी 63 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। अधिक लोड पड़ने के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार जल जाता है, जिससे कई घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रहती है। इसका सीधा असर व्यापार, घरेलू कार्यों और आम जनजीवन पर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की समस्या नई नहीं है। कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाता, तो उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली संकट का सामना नहीं करना पड़ता। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की कि वर्तमान 63 केवी ट्रांसफार्मर को हटाकर तत्काल 100 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके और बार-बार होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान हो। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से अंबिका वर्मा, रईस अली, अशोक गुप्ता, पवन सेठ, विवेक गुप्ता, कलामुद्दीन, इदरीस, खुर्शीद, अविनीश तिवारी, अखिलेश मिश्रा, इमरान, पिंटू, मुन्नीलाल प्रजापति, रमेश मिस्त्री, सुरेंद्र गुप्ता, योगेंद्र प्रजापति, विशाल गुप्ता, करन सिंह सहित दर्जनों स्थानीय नागरिक एवं व्यापारी शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही 100 केवी का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।

🔥 ताज़ा खबरें

📈 ट्रेंडिंग खबरें