- आजमगढ़। जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सख्त कार्रवाई की है। पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता, अनुशासनहीनता, विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही तथा उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों की अवहेलना के आरोप में थाना अहरौला और थाना अतरौलिया के थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों उपनिरीक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी प्रचलित है।पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थानाध्यक्ष अहरौला उ0नि0 ना0पु0 मंतोष सिंह तथा थानाध्यक्ष अतरौलिया उ0नि0 ना0पु0 देवेन्द्र नाथ दुबे पर अपने पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता बरतने के आरोप पाए गए। इसके अलावा थाना स्तर पर विवेचनाओं को लंबित रखने, निर्धारित समय में उनके निस्तारण में रुचि नहीं लेने तथा उच्चाधिकारियों के आदेश एवं निर्देशों का अनुपालन नहीं करने की बात सामने आई।एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही जारी है।चार थानों में नए प्रभारी, पुलिस लाइन से भी अधिकारियों को मिली जिम्मेदारीदो थानाध्यक्षों के निलंबन के बाद पुलिस विभाग ने जिले के कई थानों में नई तैनाती भी की है। जारी आदेश के मुताबिक उ0नि0 अश्वनी कुमार दुबे को पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर थानाध्यक्ष अतरौलिया बनाया गया है।वहीं उ0नि0 राम किशोर शर्मा को प्र0चौ0 ब्रह्मस्थान, थाना कोतवाली से स्थानांतरित कर थानाध्यक्ष अहरौला की जिम्मेदारी दी गई है।इसके साथ ही उ0नि0 अतुल कुमार मिश्र, जो अब तक थानाध्यक्ष जहानागंज थे, उन्हें थानाध्यक्ष बिलरियागंज बनाया गया है। वहीं उ0नि0 अमित कुमार मिश्र, थानाध्यक्ष बिलरियागंज को स्थानांतरित कर थानाध्यक्ष जहानागंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।ब्रह्मस्थान चौकी और मुबारकपुर में भी बदलावपुलिस विभाग की ओर से जारी दूसरे आदेश में भी दो अधिकारियों की तैनाती की गई है। म0उ0नि0 प्रियंका तिवारी को पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर प्रभारी चौकी ब्रह्मस्थान, थाना कोतवाली बनाया गया है।वहीं उ0नि0 मो0 सत्तार को पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर थाना मुबारकपुर भेजा गया है।सभी स्थानांतरण जनहित एवं रिक्ति के सापेक्ष तत्काल प्रभाव से किए गए हैं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनीएसएसपी की इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिसकर्मियों को भी स्पष्ट संदेश दिया गया है कि पदीय दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना होगा। पुलिस विभाग ने चेतावनी दी है कि कर्तव्य में लापरवाही, उदासीनता, अनुशासनहीनता अथवा उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों की अवहेलना सामने आने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


